मंदसौर। शहर के रामटेकरी क्षेत्र में शुक्रवार रात बाइक सवार तीन युवकों ने राह चलते एक व्यक्ति को बिना किसी कारण थप्पड़ मार दिया और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार रामटेकरी निवासी अनिल बैरागी पिता जगदीश बैरागी शुक्रवार रात अपनी दुकान से पैदल गोदाम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए तीन युवकों ने अचानक उन्हें थप्पड़ मार दिया और तेजी से वहां से निकल गए। घटना से पीड़ित व्यक्ति हक्का-बक्का रह गया। शनिवार को अनिल बैरागी ने शहर कोतवाली थाने पहुंचकर अज्ञात युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
