चित्तौड़गढ़। जिले की कनेरा थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 किलो डोडाचूरा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनीष जाट के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के नीमच क्षेत्र से डोडाचूरा लेकर बाड़मेर की ओर जा रहा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी गूगल मैप के सहारे रास्ता तय कर रहा था, लेकिन रास्ता भटकने के कारण कनेरा थाना क्षेत्र में पहुंच गया, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ। कनेरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन तेज गति से भगा दिया। इसके बाद पुलिस ने पीछा किया।

अठाना और तुंबा के बीच तेज रफ्तार में कार असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार से करीब 40 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
