पवित्र माह रमजान के एक महीने तक रोजे रखने के बाद शनिवार को भौरासा नगर में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईद-उल-फितर का पर्व हर्षाेल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह तालिब शाह वाले बाबा की दरगाह से ईदुल फितर का जुलूस निकाला गया, जो एमजी रोड होते हुए नगर के ईदगाह पहुंचा।
ईदगाह पर काजी मौलाना शहर काजी अब्दुल वहाब खान, पेश इमाम मौलाना इरफान रज़ा, जमशेद आलम एवं इमरान रज़ा ने नमाज अदा करवाई। वहीं नन्हे मोहल्ले स्थित ईदगाह में भी विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के पश्चात सभी ने देश और शहर की अमन-शांति व खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।
इस अवसर पर ईदगाह में मुस्लिम समाजजनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। साथ ही हिंदू-मुस्लिम समाज के लोगों ने भी आपसी भाईचारे का परिचय देते हुए एक-दूसरे को गले मिलकर शुभकामनाएं दीं।
ईद के मौके पर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुस्लिम समाज से मिलकर बधाई दी। स्थानीय प्रशासन की ओर से तहसीलदार एवं थाना प्रभारी अनिता सिंह अपने दल-बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद रहीं।
नगर परिषद कार्यालय के बाहर अध्यक्ष संजय जोशी, उपाध्यक्ष जय सिंह राणा सहित पार्षदों ने मुस्लिम काजियों, सरपंचों एवं पार्षदों का साफा बांधकर व पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पर अध्यक्ष मिथुन यादव व अन्य पदाधिकारियों ने भी सम्मान किया।
ईद को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगे वस्त्रों में सजे बच्चे एक-दूसरे से गले मिलते और खुशियां मनाते नजर आए।