नीमच। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को प्रातः 11 बजे जिले के नवीन कार्यालय भवन का भूमि पूजन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के करकमलों से वर्चुअल माध्यम से संपन्न होगा।
इस अवसर पर जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन (सीए), मंदसौर संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, सांसद सुधीर गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक दिलीपसिंह परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना नारायण खंडेलवाल, पूर्व सांसद एवं जिला प्रभारी सुभाष पटेल, विधायक जावद ओमप्रकाश सकलेचा, विधायक मनासा अनिरुद्ध माधव मारू तथा जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह प्रभारी शुभम शर्मा ने बताया कि नवीन जिला कार्यालय भवन मालवा के गांधी डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मार्ग स्थित पुरानी नगरपालिका परिसर, बंगला क्रमांक 60 नीमच में बनाया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर जिलेभर के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी के समस्त पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं से इस भव्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।