सोनकच्छ। भौरासा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शादी खेड़ा में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बुधवार को पंचायत में पंचों का जमावड़ा लगा, जहां नायब तहसीलदार हर्षल बहरानी दस्तावेजों के सत्यापन के लिए पहुंचे।
जानकारी के अनुसार पंचायत में कुल 16 पंच हैं, जिनमें से 13 पंच ग्राम पंचायत पहुंचे। इनमें 11 पंचों ने सरपंच ललता बाई (पति फूल सिंह) के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में हस्ताक्षर किए, जबकि 2 पंचों ने सरपंच के पक्ष में साइन किए। पंचों ने एकमत होकर सरपंच को हटाने की मांग दोहराई।
बताया गया कि सरपंच के खिलाफ पहले भी 16 दिसंबर 2025 को सोनकच्छ एसडीएम को आवेदन दिया गया था, जिसका भौतिक सत्यापन 29 जनवरी 2026 को हुआ, लेकिन वह निरस्त हो गया। इसके बाद 1 फरवरी 2026 को कलेक्टर को दोबारा आवेदन दिया गया और फिर एक और आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसी क्रम में 8 अप्रैल 2026 को एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार हर्षल बहरानी और पटवारी अशोक चौहान जांच के लिए गांव पहुंचे।
नायब तहसीलदार हर्षल बहरानी ने मीडिया से चर्चा में बताया कि सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव संबंधी आवेदन का सत्यापन किया गया है, जो सही पाया गया। अब इसकी रिपोर्ट तैयार कर सोनकच्छ एसडीएम को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
वहीं पंचों ने आरोप लगाया कि पिछले 3-4 वर्षों में पंचायत में कोई खास विकास कार्य नहीं हुए हैं। उनका कहना है कि पंचायत केवल 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर ही खुलती है और कई अन्य अनियमितताएं भी सामने आई हैं, जिसके चलते यह कदम उठाया गया है।