सरवानिया महाराज। नगर परिषद के डोम में आज सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं संकुल के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय विद्यालयों के कक्षा 6वीं और 9वीं के पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओमप्रकाश सखलेचा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विधायक सखलेचा का पुष्पवर्षा एवं तिलक लगाकर स्वागत किया।
संकुल प्राचार्य रामकरण मीणा ने स्वागत भाषण में विधायक द्वारा संचालित “दीप प्रोजेक्ट” जैसी योजनाओं को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह जैन ने विद्यालय में लगभग 53 लाख रुपये की लागत से बन रही विज्ञान प्रयोगशाला के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया और सांदीपनि विद्यालय के लिए नए भवन निर्माण की मांग रखी।
अपने संबोधन में विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अभिभावकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के लिए इंग्लिश स्पोकन क्लासेस शुरू कराने और विद्यालय के नए भवन निर्माण का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के अंत में लगभग 150 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। आयोजन में बीईओ बी.एल. वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली, जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण, जिला मंत्री शिवम पुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक वीरेंद्र कुमार गुर्जर ने किया।