नीमच। उपनगर बघाना में सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देते हुए महिलाओं की संस्था अहीर राधा रानी ग्रुप द्वारा पहली बार निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। दुर्गा माता मंदिर के सामने स्थित परिसर में आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों की जांच और परामर्श किया। सर्जन डॉ. स्वप्निल वधवा ने जनरल सर्जरी और पेट संबंधी रोगों की जांच कर उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया। वहीं डॉ. रोशनी जैन स्त्री रोग विशेषज्ञ ने महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक सलाह प्रदान की। डॉ. स्वाति वधवा मनोरोग चिकित्सक ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मरीजों को परामर्श देकर जागरूक किया।शिविर में 100 से अधिक मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। उल्लेखनीय है कि अहीर राधा रानी ग्रुप बघाना शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में निरंतर सक्रिय है। इसके साथ ही गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग कर कन्यादान जैसे पुनीत कार्य भी संस्था द्वारा किए जाते हैं। अहीर राधा रानी ग्रुप के आयोजन ने यह साबित कर दिया कि यदि समाज की महिलाएं संगठित होकर सेवा का संकल्प लें, तो बदलाव की एक मजबूत नींव रखी जा सकती है।