सेगांव। देश में महिलाएं स्वस्थ होंगी तभी एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में महिलाएं अपने स्वास्थ्य की उचित देखभाल नहीं कर पातीं। इसे लंबे समय तक नजरअंदाज करने पर गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, प्रतिदिन व्यायाम, माहवारी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान और संतुलित आहार लेना चाहिए। यदि परिवार की महिला स्वस्थ नहीं होगी, तो बच्चों और परिवार का पोषण कैसे संभव होगा? ये बातें प्रसिद्ध प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सपना चौहान ने रविवार को सेगांव में आयोजित महिला स्वास्थ्य जागरूकता प्रशिक्षण कार्यशाला में कही।
डॉ. चौहान ने एचपीवी टीकाकरण पर जोर देते हुए कहा कि भ्रांतियों और अफवाहों से बचें। हर किशोरावस्था की बेटी को यह टीका लगवाएं, जो गर्भाशय कैंसर से बचाव करता है। यह सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने प्रतिभागियों के महिला स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
कार्यशाला में प्रसिद्ध चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमित चौहान ने महिलाओं में होने वाले स्किन इंफेक्शन और उसके उपचार पर विस्तृत जानकारी दी।
समाजसेवी पप्पू यादव ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं आशा कार्यकर्ताओं, सहयोगी, सीएचओ और नर्सिंग ऑफिसर को नवीनतम ज्ञान देकर अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मदद करती हैं।
अशोक बबलू गुप्ता ने दोनों वरिष्ठ चिकित्सकों को स्वास्थ्य जागरूकता के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ, जिसका संचालन समाजसेवी पप्पू यादव ने किया। इस अवसर पर राखी चौहान, शारदा सोलंकी, डॉ. रवींद्र सोनी सहित आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।