चित्तौड़गढ़। सोशल मीडिया पर पिस्टलनुमा हथियार के साथ फोटो पोस्ट कर आमजन में भय एवं दहशत फैलाने के मामले में बस्सी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार अथवा हथियारनुमा वस्तुओं के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर झूठी शान दिखाने तथा लोगों में डर का माहौल बनाने वालों के विरुद्ध जिलेभर में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं ग्रामीण वृत्ताधिकारी दिनेश सुखवाल के सुपरविजन तथा बस्सी थाना प्रभारी प्रेमसिंह जादौन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संबंधित अकाउंट की पहचान की।
जांच में दिलखुश पुत्र शम्भूलाल मेघवाल (22) निवासी ओरड़ी, थाना शंभूपुरा, जिला चित्तौड़गढ़ द्वारा सोशल मीडिया पर पिस्टलनुमा हथियार के साथ फोटो पोस्ट कर लोगों में भय का माहौल बनाने का प्रयास करना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शांति भंग की कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों या हथियारनुमा वस्तुओं के साथ फोटो एवं वीडियो साझा कर कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास न करें। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सराहनीय भूमिका - इस कार्रवाई में एएसआई हंसराज, कांस्टेबल नंदकिशोर एवं शोभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।