खरगोन। कोतवाली परिसर में बरसों से लावारिस और कबाड़ हालत में पड़ी बाईको के निपटारे के लिए पुलिस विभाग ने नीलामी प्रक्रिया तेज कर दी है। थाने में जगह घेर रहे 77 वाहनों की 29 अप्रैल को नीलामी की जाएगी। इससे एक ओर शासन को राजस्व मिलेगा, तो वहीं थानों में खड़ी-खड़ी कंडम हो रही बाईक लोगों के हाथों में जाने से इसका इस्तेमाल भी हो सकेगा। पुलिस विभाग की यह बड़ी पहल माना जा रहा है। हालांकि इसके बाद भी कई मामलों में जब्त सैंकड़ों वाहनों की कतार कोतवाली परिसर में लगी है।
थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि वाहन नीलामी की सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। यह बाईके पुलिस कार्रवाई के दौरान लावारिस हालत में मिली थी। पारदर्शिता के लिए जिला प्रशासन के निर्देशन में गठित टीम द्वारा निलामी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
एसडीएम राजस्व से मिली स्वीकृति के बाद लोक निर्माण विभाग को भी वाहनों की कीमतों का मूल्यांकन कर सूची भेजी गई है। नीलामी में टेंडर प्रक्रिया के तहत बोलीदाताओं को शामिल किया जाएगा। नायब तहसीलदार की उपस्थिति में वाहनों की बिक्री होगी। इससे मिलने वाली राशि शासकीय खजाने में जमा कराई जाएगी। बिक्री के लिए रखे गए मॉडलों में हीरो होंडा सीडी डीलक्स, हीरो एचएफ डीलक्स, हीरो होंडा स्प्लेंडर, टीवीएस अपाचे, बजाज डिस्कवर जैसी बाईकें शामिल है। यह वाहन न तो पुरानी और न ही ज्यादा बेहतर स्थिति में है।