देवास। उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह ने वित्तीय अनियमितताओं के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए देवास के जिला शिक्षा अधिकारी एच.एस. भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इस पर कलेक्टर देवास ऋतुराज सिंह द्वारा जांच टीम का गठन किया गया। जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद कलेक्टर द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर संभागायुक्त ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया।
निलंबन अवधि के दौरान एच.एस. भारती का मुख्यालय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, उज्जैन निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
इस दौरान अजय मिश्रा, जिला परियोजना समन्वयक, देवास को आगामी आदेश तक जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार सौंपा गया है।