मंदसौर। जल संरक्षण एवं पारंपरिक जल स्रोतों के संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत न्यायालय परिसर स्थित प्राचीन “सात सहेलियों की बावड़ी” पर श्रमदान एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती तृप्ति बैरागी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान में नवांकुर संस्था, प्रियदर्शन सामाजिक सेवा संस्था सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान बावड़ी परिसर की साफ-सफाई की गई तथा आसपास फैले कचरे को हटाकर जल स्रोत को स्वच्छ एवं संरक्षित करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक जल स्रोतों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसी ऐतिहासिक बावड़ियां हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण वर्तमान एवं भावी पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज को इस दिशा में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने एवं अधिक से अधिक लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।