मंदसौर। जिले के अचेरी गांव के पास शुक्रवार दोपहर हुए सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि छह अन्य को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना प्रतापगढ़ से मंदसौर आ रहे एक तूफान वाहन और सामने से आ रही कार के बीच भिड़ंत से हुई।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी 65 वर्षीय लक्ष्मण कुमावत अपनी पत्नी 60 वर्षीय मांगीबाई के साथ तूफान वाहन एमपी 44 टीए 0399 में सवार होकर इलाज के लिए मंदसौर आ रहे थे। अचेरी के समीप सामने से आ रही कार से वाहन की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तूफान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। वहीं फोर्ड फ्रीस्टाइल कार एमपी 09 डब्ल्यूबी 7830 सड़क से नीचे उतर गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।
दुर्घटना में लक्ष्मण कुमावत को हाथ, पैर, कमर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी मांगीबाई की पसलियों और हाथ में चोट लगी। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद लक्ष्मण की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर किया गया।
तूफान वाहन में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें से छह को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में कमलाबाई (60), पेपाबाई (70), नरबादीबाई (30), कशिश (14), सौम्या (6) और मानव (11) शामिल हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।