चित्तौड़गढ़। जेके सीमेंट की अमलगमेटेड कारूंडा माल्याखेड़ा माइंस में आयोजित पीट सेफ्टी कमेटी की बैठक में खनन कर्मियों एवं अधिकारियों को हीटवेव और लू से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
बैठक में खान सुरक्षा महानिदेशालय, क्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर के खान सुरक्षा निदेशक टॉम मैथ्यू ने बढ़ते तापमान के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर संवाद किया।
उन्होंने कहा कि महानिदेशालय सदैव खनन कामगारों की कार्यस्थल परिस्थितियों को लेकर आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन देता रहा है। उन्होंने हाल ही में जारी डीजीएमएस सर्कुलर का हवाला देते हुए हीटवेव से बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जेके सीमेंट के चीफ मेडिकल ऑफिसर संतोष चौधरी ने हीटवेव एवं लू से बचने के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
माइंस विभाग के ऑपरेशन हेड राकेश शर्मा ने गर्मी के मौसम में बरती जाने वाली सावधानियों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए किए गए उपायों की जानकारी देते हुए सभी से उनका पालन करने का आग्रह किया। बैठक में माइंस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खनन कर्मचारी उपस्थित रहे।