सिंगोली। रविवार को पांडे जी की बावड़ी स्थित महावीर मांगलिक भवन में प्रातः 5:30 से 7:30 बजे तक एक दिवसीय विशाल अर्हम ध्यान योग शिविर का सफल आयोजन किया गया। सकल दिगंबर जैन समाज, सिंगोली के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में परम पूज्य अर्हम योग प्रणेता मुनि श्री 108 प्रणम्य सागर जी महाराज ससंघ का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ।
नगर के सर्वसमाज से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागी श्वेत टी-शर्ट (ड्रेस कोड 100) में नजर आए, जिससे कार्यक्रम में एकता और अनुशासन की अनूठी झलक देखने को मिली।
मुनि श्री ने अपने प्रवचन में कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, अनिद्रा और अनेक रोगों से बचने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय अर्हम योग है।” उन्होंने बताया कि नियमित 40 दिनों तक मात्र 20 मिनट अर्हम ध्यान करने से मन की शांति, एकाग्रता, ऊर्जा और शारीरिक स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार होता है।
सकल दिगंबर जैन समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने मुनि श्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से करने की मांग रखी।
कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य चिन्मय जैन एवं नयन जैन शास्त्री द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन समाज अध्यक्ष भरत जैन ने किया। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।