मंदसौर। जिले के एक रहवासी क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात उस समय हड़कंप मच गया जब करीब 7 फीट लंबा मगरमच्छ गांव में घुस आया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को जानकारी दी।

सूचना पर मंदसौर वन मंडल की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। टीम प्रभारी पुष्कर मालवीय के नेतृत्व में वन रक्षक जितेंद्र सिंह पंवार, कादर गोंदिया एवं सहयोगी दीपक नगर ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ को मंगलवार अलसुबह चंबल के बैकवाटर क्षेत्र स्थित संजीत नदी में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया। गनीमत रही कि इस दौरान किसी भी ग्रामीण या मवेशी को कोई नुकसान नहीं हुआ। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कभी वन्यजीव गांव या रहवासी क्षेत्र में दिखाई दें तो घबराएं नहीं और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाते हुए तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
