कुकड़ेश्वर। कुकड़ेश्वर-गोटा पिपलिया मार्ग पर मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पिकअप के नीचे फंस गया।
मृतक की पहचान रतनलाल पिता रामप्रसाद कुशवाह उम्र लगभग 42 वर्ष, निवासी कुकड़ेश्वर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 44 जेडी 8922 और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हुई, जिसके बाद रतनलाल गंभीर रूप से वाहन के नीचे दब गए और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुकड़ेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को 112 वाहन की सहायता से पोस्टमार्टम के लिए मनासा अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में शोक की लहर छा गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नगरवासियों ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।