गरोठ। गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया राठौर निवासी दशरथ सिंह की 29 अप्रैल को ट्रेन हादसे में हुई मौत के बाद युवाओं ने मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की है। दोस्तों ने एक व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से मात्र 5 दिनों में 3 लाख 15 हजार 495 रुपये की सहायता राशि एकत्र कर परिवार को सौंपी।
दशरथ सिंह के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके पीछे वृद्ध माता, पत्नी और तीन छोटी बेटियां हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण घर की जिम्मेदारी पूरी तरह दशरथ पर ही थी।
घटना की जानकारी मिलते ही उनके मित्रों और परिचितों ने आर्थिक मदद का संकल्प लिया। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया और अल्प समय में बड़ी राशि एकत्रित की।
मंगलवार को सभी मित्र दशरथ सिंह के घर पहुंचे और एकत्रित राशि उनकी पत्नी को सौंप दी। इस दौरान उपस्थित युवाओं ने कहा कि दशरथ सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि हम सभी का साथी था और आगे भी हम उसके परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहेंगे। यह पहल समाज में सहयोग और संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।