सरवानिया महाराज। समीपस्थ ग्राम सेदरिया में पहली बार आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन मंगलवार को कंस वध प्रसंग एवं पूर्णाहुति के साथ हुआ। कथा समापन पर ग्रामवासी भक्ति और उत्साह से झूम उठे।
ग्रामवासियों के सहयोग से भगवान देवनारायण एवं खाकर देव मंदिर परिसर में आयोजित कथा में भागवत प्रवक्ता पंडित दीपक शास्त्री धामनिया (नीमच) ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया।
समापन अवसर पर भगवान देवनारायण एवं खाकर देव के समक्ष वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न हवन कुंडों में यज्ञ की आहुतियां देकर पूर्णाहुति दी गई। कथा श्रवण के लिए महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों सहित सरवानिया महाराज, मानपुरा, सेमली चंद्रावत एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
इस दौरान कांग्रेस नेता समरथमल डूंगरवाल एवं पत्रकार दिनेश वीरवाल ने कथा प्रवक्ता पंडित दीपक शास्त्री का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। आयोजन में शंभू सिंह राजपूत, मदनलाल धनगर, माधुसिंह, जसवंत सिंह, पवन धनगर, गोपाल, उदयराम चौहान, गोपाल सिंह राणावत सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
देवनारायण कथा उत्सव समिति द्वारा आगंतुक अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया गया। कथा विश्राम के बाद महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। कथा समापन पर ग्राम में भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई।