चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम सांवलियाजी मंदिर में भगवान के भंडार से निकली दान राशि की गणना मंगलवार को तीसरे चरण में भी जारी रही। मंदिर मंडल एवं बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था के बीच दान राशि की गिनती की गई।

मंदिर मंडल सदस्य पवन तिवारी ने बताया कि मंगलवार सुबह राजभोग आरती के बाद नोटों और चिल्लर की गिनती शुरू हुई। तीसरे राउंड में 6 करोड़ 46 लाख 50 हजार रुपए की राशि प्राप्त हुई। इसके साथ ही अब तक कुल दान राशि 23 करोड़ 53 लाख 50 हजार रुपए तक पहुंच चुकी है।

इससे पहले पहले चरण में 11 करोड़ 30 लाख रुपए तथा दूसरे चरण में 5 करोड़ 77 लाख 50 हजार रुपए की गणना की गई थी। मंदिर प्रशासन के अनुसार अभी भी बड़ी मात्रा में नोट, सिक्के तथा सोने-चांदी के आभूषणों की गणना एवं वजन किया जाना शेष है।

देशभर से पहुंचते हैं श्रद्धालु-
सांवलियाजी मंदिर मेवाड़ सहित देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां राजस्थान सहित कई राज्यों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और श्रद्धानुसार नकद राशि, सोना-चांदी एवं अन्य कीमती वस्तुएं अर्पित करते हैं। मंदिर का भंडार प्रत्येक माह चतुर्दशी के अवसर पर खोला जाता है, जहां दान राशि की विधिवत गणना कर उसे विभिन्न बैंकों में जमा कराया जाता है।
