मुरैना। गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आज जिले में भीषण गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, आज मुरैना और आसपास के इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लू का असर सबसे ज्यादा रहेगा। इस दौरान चलने वाली गर्म हवाएं लोगों की सेहत पर गंभीर असर डाल सकती हैं। डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक हरविंदर सिंह ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें।
साथ ही लोगों को लगातार पानी पीने, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी गई है। बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर व चेहरे को कपड़े से ढककर रखें। प्रशासन और मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि इस भीषण गर्मी में लापरवाही न बरतें और अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखें।