नीमच। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नीमच द्वारा जिले में आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन विषय पर पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन संस्थान के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं के दौरान त्वरित राहत, बचाव और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर कार्यालय स्थित आयुष भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस, होमगार्ड, राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के लगभग 100 प्रतिभागी शामिल हुए।
विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को भूकंप, बाढ़, आगजनी सहित विभिन्न आपदाओं से निपटने की व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक जानकारी दी जा रही है। साथ ही राहत-बचाव कार्य, संसाधन प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर एडीएम बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, डिप्टी कलेक्टर सी.एस. धार्वे एवं होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय प्रशिक्षित और जागरूक रहना आवश्यक है तथा समय रहते तैयारी से जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।