नीमच। चिलचिलाती धूप और बढ़ती गर्मी के बीच गरीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन (जीएनआरएफ) द्वारा मानवता और सामाजिक सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण पेश किया गया।
दावत-ए-इस्लामी इंडिया के वेलफेयर विभाग के अंतर्गत संचालित संस्था ने नीमच में राहगीरों, मजदूरों और मुसाफिरों के लिए निरूशुल्क ठंडे पानी और शरबत के स्टॉल लगाए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने राहत महसूस की।
जामा मस्जिद क्षेत्र के पास लगाए गए इन स्टॉलों पर संस्था के वॉलंटियर्स पूरी निष्ठा के साथ सेवा कार्य में जुटे रहे। तपती गर्मी में बाहर निकलने वाले लोगों को ठंडा व फिल्टर्ड पानी उपलब्ध कराया गया, जिससे राहगीरों ने राहत की सांस ली।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सेवा नहीं, बल्कि समाज में इंसानियत, भाईचारे और सेवा भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा मानव धर्म है।
जीएनआरएफ दावत-ए-इस्लामी इंडिया के सहयोग से देशभर में सामाजिक व मानवीय कार्यों में सक्रिय है और गरीबों की सहायता, राहत कार्य, पौधारोपण तथा जनकल्याण अभियानों के माध्यम से सेवा का संदेश दे रहा है।