खरगोन। जिले के कसरावद नगर परिषद चौक में हजरत गंजशाह वली रहमतुल्लाह अलैह के उर्स मुबारक के अवसर पर भव्य कव्वाली मुकाबले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूर-दूर से आए कव्वालों ने सूफियाना कलाम, देशभक्ति शायरी और कौमी एकता के पैगाम से माहौल को रूहानी बना दिया।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रोताओं ने उपस्थित होकर रातभर कव्वाली का आनंद लिया। कव्वालों ने अपने अंदाज में मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया। मंच से पढ़े गए शेरों और सूफियाना कलाम पर उपस्थित लोग देर रात तक झूमते नजर आए।
कव्वाली मुकाबले में गुजरात से आए कव्वाल सिराज चिश्ती एवं राजस्थान की कव्वाला सिमरन सूफी ने शानदार प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता और देशप्रेम पर आधारित शायरी ने लोगों का दिल जीत लिया।
उर्स कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में भाईचारा, प्रेम और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पूरी रात चले इस आयोजन में सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे।
उर्स कमेटी के सदर तस्लीम खान, नायब सदर नईम शेख पत्रकार सर परस्त शेरखान अंसारी शहर सदर कसरावद मुस्लिम समाज, लंगर कमेटी सदर हाजी आदिल मुल्तानी, रफीक अंसारी, जफर शेख, नईम पेंटर, फिरोज खान एवं उसे कमेटी के सदस्यों ने अवाम का शुक्रिया अदा किया। कार्यक्रम का संचालन सायर कयामुद्दीन कयाम ने किया।