चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने आमजन से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ तस्करों द्वारा अवैध कारोबार से अर्जित बेनामी संपत्तियों की जानकारी पुलिस को देना समाजहित में महत्वपूर्ण कदम होगा।
करोड़ों की संपत्तियां की गई फ्रीज-
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं उससे अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
वर्ष 2023 में बस्सी थाना क्षेत्र के बलदरखा निवासी तस्कर श्रीराम सुथार की 36 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई।
वर्ष 2024 में सदर निम्बाहेड़ा थाना क्षेत्र के शिवलाल पायक की 65 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई हुई।
वर्ष 2025 में बस्सी थाना क्षेत्र के मदनलाल की 67 लाख तथा पारसोली थाना क्षेत्र के देवीलाल गुर्जर की 1 करोड़ 73 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई।
वर्ष 2026 में कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना क्षेत्र के मोहम्मद उस्मान की 86 लाख, भादसोड़ा थाना क्षेत्र के सुरेश जाट की 12 लाख तथा मंगलवाड़ थाना क्षेत्र के रामेश्वर लाल अहीर की 29 लाख रुपये की संपत्ति प्राधिकृत अधिकारी के आदेश से फ्रीज की गई।
सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय-
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा मादक पदार्थों के अवैध व्यापार से चल-अचल संपत्ति अर्जित करने की जानकारी हो तो उसकी सूचना सीधे पुलिस अधीक्षक के मोबाइल नंबर 9470996077 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
नशामुक्त समाज के लिए सहयोग जरूरी-
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने एवं समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस और आमजन का सामूहिक सहयोग आवश्यक है। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से मांगा सहयोग-
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि वे मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और जिले को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें।