मनासा। National Fertilizers Limited( भारत सरकार का उपक्रम) द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए “किसान धन” नाम से नई डिजिटल सेवा की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से खाद, बीज एवं कृषि दवाइयां उपलब्ध कराना है। अब किसान ई-पेमेंट के जरिए आसानी से कृषि सामग्री प्राप्त कर सकेंगे, जिससे समय की बचत के साथ सुरक्षित भुगतान व्यवस्था भी सुनिश्चित होगी।
मनासा में एचडीएफसी बैंक के पास “किसान धन” काउंटर का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र पर किसानों को डिजिटल भुगतान प्रणाली के माध्यम से NFL कंपनी के उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। किसानों को यहां खाद, बीज एवं कृषि में उपयोग आने वाली दवाइयां कंपनी द्वारा निर्धारित दरों पर उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में NFL कंपनी के अधिकारी एवं कृषि वैज्ञानिक सी.पी. पचौरी, श्याम सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश चौहान, प्रद्युम्न मारू एवं विवेक पटवा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने किसानों को डिजिटल लेनदेन अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आने वाले समय में कृषि क्षेत्र में तकनीक और डिजिटल सेवाओं का महत्व लगातार बढ़ेगा।
अधिकारियों ने बताया कि “किसान धन” सेवा किसानों के लिए एक नई सुविधा लेकर आई है, जिससे उन्हें एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री सरल प्रक्रिया के साथ उपलब्ध हो सकेगी। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी कदम बताया।
क्षेत्र के किसानों के लिए इस नई व्यवस्था को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे आधुनिक कृषि सेवाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।