नीमच। केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (सीटीसी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), नीमच में 61 नव-नियुक्त अधीनस्थ अधिकारियों (भूतपूर्व सैनिक) का बुनियादी प्रशिक्षण सह शपथ ग्रहण परेड समारोह 25 मई 2026 को आरटीसी परेड ग्राउंड में उत्साह एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दर्शन लाल गोला, निदेशक/प्राचार्य, सीटीसी, सीआरपीएफ नीमच ने परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व उप निरीक्षक/कैडेट मंजीत सिंह ने किया, जबकि द्वितीय कमान अधिकारी उप निरीक्षक/कैडेट करण कुमार कौशल रहे।
इस अवसर पर सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी, आरटीसी नीमच के उप महानिरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, कमांडेंट छोटन ठाकुर, ग्रुप केंद्र नीमच के कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी तथा प्रशिक्षुओं के परिजन उपस्थित रहे।
इन 61 नव-नियुक्त अधीनस्थ अधिकारियों का 12 सप्ताह का बुनियादी प्रशिक्षण 02 मार्च 2026 से प्रारंभ हुआ था। इस अवधि में उन्हें शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, युद्ध कौशल, कानून, प्रबंधन एवं निहत्थे युद्ध का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही भीड़ एवं दंगा नियंत्रण, मानवाधिकार, पुलिस-जनसंपर्क एवं आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों का भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षुओं को जंगल सर्वाइवल प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे कठिन परिस्थितियों में स्वयं को सक्षम बनाकर राष्ट्र विरोधी ताकतों का मुकाबला कर सकें।
मुख्य अतिथि दर्शन लाल गोला ने नव-नियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अब पूर्ण रूप से प्रशिक्षित होकर देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देंगे तथा राष्ट्र की सुरक्षा एवं अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
समारोह के दौरान इनडोर एवं आउटडोर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रणकौशल का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं परिजनों ने सराहा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक चित्र एवं मीडिया संवाद के साथ हुआ।