गरोठ। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय गरोठ में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील ने की। इस दौरान एसडीओपी विजय कुमार यादव, थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव सहित नगर के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों ने सभी समुदायों से त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही डीजे एवं जुलूस के लिए निर्धारित अनुमति, रूट एवं समय सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील ने कहा कि त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया।