देवास। सामाजिक सरोकार की भावना को आगे बढ़ाते हुए एलआईसी एचएफएल ने तुमुल सोसाइटी एनजीओ को टीबी एवं एचआईवी मरीजों की सहायता के लिए एक एंबुलेंस भेंट की। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने इस पहल को बेहद सकारात्मक बताते हुए कहा कि भारत सरकार के टीबी और एचआईवी उन्मूलन अभियान को इस तरह के प्रयासों से मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि मरीजों को जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक समय पर पहुंचाना बेहद जरूरी है, जिससे उन्हें बेहतर और समय पर उपचार मिल सके।
जिला क्षय अधिकारी डॉ. अमरीन शेख ने बताया कि यह एंबुलेंस खास तौर पर दूर-दराज क्षेत्रों के मरीजों के लिए राहत लेकर आई है, जिन्हें अक्सर परिवहन की समस्या के कारण इलाज में देरी का सामना करना पड़ता है। अब यह सुविधा मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने एलआईसी एचएफएल और तुमुल सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जब समाज और संस्थाएं मिलकर काम करती हैं, तो स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक, जिला ART नोडल अधिकारी डॉ. आर.बी. शुक्ला सहित प्रशासनिक अधिकारी, ICTC, ART, विहान, DSRC, AIMS टीआई स्टाफ और तुमुल सोसायटी के सदस्य उपस्थित रहे।
यह पहल न सिर्फ एक एंबुलेंस की सौगात है, बल्कि उन मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जो समय पर इलाज के लिए संघर्ष करते हैं।