नीमच। जिले में शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मल्टी टास्क स्टाफ कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने कहा कि अस्पतालों में लगातार सेवाएं देने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा, जिससे आर्थिक संकट गहरा गया है।
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) के बैनर तले सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि जनवरी माह से लगातार कार्य करने के बावजूद अब तक केवल एक माह का वेतन ही प्राप्त हुआ है। करीब तीन माह का वेतन लंबित होने से परिवार का पालन-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन को समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। नियमानुसार प्रत्येक माह की 10 तारीख तक वेतन भुगतान होना चाहिए, लेकिन महीनों बाद भी भुगतान नहीं होना गंभीर लापरवाही दर्शाता है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि एक ओर वे अस्पतालों में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वेतन के अभाव में कर्ज और आर्थिक परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं।
कर्मचारियों ने प्रशासन से लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराने तथा भविष्य में समय पर वेतन सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।