नीमच। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में रामअवतार कॉलोनी निवासी वृद्ध महिला मधु राजपूत ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। महिला ने आरोप लगाया कि भरोसे का फायदा उठाकर उनके विवादित मकान को कथित रूप से बेच दिया गया और अब उन्हें उनके ही घर से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है।
आवेदिका के अनुसार ग्राम धनेरिया कला स्थित मकान उनके पिता ने वर्ष 2001 में खरीदा था और तब से परिवार वहीं निवास कर रहा है। पिता के निधन के बाद कुछ समय के लिए कानपुर जाने पर उन्होंने मकान की देखरेख के लिए एक परिचित को चाबी सौंपी थी, लेकिन उसी भरोसे का दुरुपयोग करते हुए मकान में रखा दहेज का सामान, सोने-चांदी के जेवर एवं अन्य सामग्री कथित रूप से बेच दी गई। साथ ही विवादित संपत्ति को किसी अन्य व्यक्ति के नाम बेचने का आरोप भी लगाया गया है।
महिला ने दावा किया कि संपत्ति संबंधी मामला हाईकोर्ट में लंबित होने के बावजूद बिना न्यायालय की अनुमति के सौदा किया गया। मधु राजपूत ने बताया कि वे अपने विकलांग पति के साथ वर्षों से उसी मकान में रह रही हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे घर-घर काम कर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि मकान छिन गया तो परिवार के सामने बेघर होने की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया कि शिकायत लेकर अधिकारियों के पास पहुंचने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा धक्का-मुक्की में उनके विकलांग पति घायल हो गए। जनसुनवाई में महिला ने प्रशासन से मांग की कि हाईकोर्ट में दायर स्टे आवेदन पर निर्णय आने तक उन्हें मकान से बेदखल नहीं किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाया जाए।