मंदसौर। जिले के करजू गांव के समीप शुक्रवार रात करीब 9 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा करजू और करनाखेड़ी के बीच मगरा क्षेत्र में हुआ।
मृतकों की पहचान राजवीर सिंह (पिता भरत सिंह), निवासी सीतामऊ तहसील एवं विष्णुलाल (38) पिता मांगीलाल, निवासी नांदवेल, जिला मंदसौर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, राजवीर सिंह एक निजी माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट थे। वे भावगढ़ क्षेत्र से कार्य समाप्त कर बाइक से मंदसौर लौट रहे थे। वहीं विष्णुलाल कृषि कार्य से मंदसौर से अपने गांव नांदवेल लौट रहे थे। इसी दौरान करजू के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में स्प्लेंडर (एमपी-14-जेई-4375) और होंडा शाइन (एमपी-14-जेडएफ-2602) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्राम करजू के सरपंच गोपाल पाटीदार ने बताया कि सूचना मिलते ही ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजवीर सिंह की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि विष्णुलाल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।