नीमच/जावद। जावद स्थित सीएम राइज स्कूल के पीछे ओम शिव गोरक्षनाथ आश्रम में कथित मारपीट और कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। आश्रम के मोजनाथ गुरु बृहस्पति नाथ ने कुछ लोगों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। घटना का कथित वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।
घायल गुरु का उपचार नीमच जिला अस्पताल में चल रहा है। बताया गया है कि उनके पैर में फ्रैक्चर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं।
मोजनाथ गुरु का आरोप है कि मोहन प्रजापत, कालू पिता बंसी और गजेंद्र शर्मा सहित कुछ लोग आश्रम पर कब्जा करने की नीयत से पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें रस्सी से बांधकर पाइप से पीटा, हाथ पर दांत से काटा, बाल पकड़कर घसीटा तथा आश्रम परिसर में मिट्टी डलवाने और पेड़ काटने का भी प्रयास किया।
गुरु का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी विवाद हो चुका है, जिसकी शिकायत उन्होंने जावद थाने में दर्ज कराई थी।
वहीं, जावद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की सत्यता और पूरे घटनाक्रम का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।