चित्तौड़गढ़। हिंदू संत सनातन धर्म प्रचारक, प्रयागराज संकल्प अयोध्या धाम के तत्वावधान में 21 से 29 जुलाई 2026 तक 9 दिवसीय संगीतमय श्री रामकथा अमृतवर्षा का भव्य आयोजन श्री नामदेव छीपा समाज बिछावट मंदिर, पावटा चौक, सिटी सब्जी मंडी के सामने, चित्तौड़गढ़ में किया जाएगा।
आयोजकों ने प्रेस वार्ता में बताया कि भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के अद्भुत एवं प्रेरणादायी जीवन चरित्र पर आधारित इस संगीतमय रामकथा का शुभारंभ 21 जुलाई को प्रातः 8.15 बजे 551 कलशों की भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए पुनः कथा स्थल पर पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। कथा वाचन संकल्प अयोध्या धाम के पूज्य श्री धर्मेन्द्र दास महाराज द्वारा किया जाएगा, जो श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, धर्म और मानव मूल्यों पर आधारित प्रसंगों का संगीतमय एवं भावपूर्ण वर्णन करेंगे।
प्रेस वार्ता में जुगल किशोर बघेरवाल, विष्णु कुमार नागर, शिव नारायण छीपा, सुमित गंगवाल एवं गोपाल छीपा उपस्थित रहे।
आयोजकों ने समस्त रामभक्तों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित श्री रामकथा अमृतवर्षा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की।