सीतामऊ। सीतामऊ से एक किलोमीटर दूर स्थित चमत्कारी मां विंध्यवासिनी धाम, खेड़ा में 28 एवं 29 जुलाई 2026 को दो दिवसीय धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे। इस अवसर पर श्री विधेश्वर महादेव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर के पुजारी पंडित अभिषेक ने बताया कि 28 जुलाई, मंगलवार को हवन एवं जलाभिषेक का आयोजन किया जाएगा। वहीं रात्रि में संगीतमय सुंदरकांड पाठ आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इसके पश्चात 29 जुलाई, बुधवार को श्री विधेश्वर महादेव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
पंडित अभिषेक ने बताया कि वर्तमान में गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर मां विंध्यवासिनी के दरबार में प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल भव्य आरती का आयोजन किया जा रहा है। मां के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की आस्था का यह केंद्र अपनी धार्मिक महिमा एवं चमत्कारिक मान्यताओं के कारण क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है।
मंदिर समिति ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों में परिवार सहित शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।