नीमच। शहर के शंकर ऑयल मिल क्षेत्र में रविवार को स्कूटी और हीरो होंडा शाइन बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय आलम पिता एहमद नूर अपने 65 वर्षीय ससुर इस्माइल पिता पीर मोहम्मद को स्कूटी से रेलवे स्टेशन से जिला चिकित्सालय जांच के लिए लेकर आ रहे थे। इसी दौरान शंकर ऑयल मिल के समीप सामने से आ रही हीरो होंडा शाइन बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना में स्कूटी सवार आलम, उनके ससुर इस्माइल तथा बाइक सवार अनिल घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।