सीतामऊ। ग्राम लदूना में वक्फ कमेटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के चेयरमैन हाजी डॉ. सननवर पटेल ने 21 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए प्रत्येक को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वक्फ दरगाह मुसाफिर वली बाबा परिसर में 100 पौधों का पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हाजी डॉ. सननवर पटेल ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे सशक्त आधारशिला है। प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन प्रदान करना उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं को प्रदान की गई यह राशि वक्फ संपत्तियों से अर्जित आय से उपलब्ध कराई गई है।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'एक पेड़ अपने बुजुर्गों के नाम' अभियान के तहत वक्फ दरगाह मुसाफिर वली बाबा परिसर में 100 पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित जनों ने पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला वक्फ कमेटी नीमच के अध्यक्ष फिरोज पठान, प्रधानमंत्री जन कल्याणकारी योजना के जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी मोहम्मद शकील कुरैशी, जिला शेख सैय्यद मुगल पठान कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हाजी जाहिद खान तथा वक्फ कार्यालय मंत्री नय्यर पठान सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के चेयरमैन हाजी डॉ. सननवर पटेल को नीमच में आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।