नीमच। लॉयंस क्लब नीमच के अध्यक्ष लायन सुनील शर्मा के नेतृत्व में 18 एवं 19 जुलाई 2026 को राजस्थान के राजसमंद जिले स्थित महाराणा प्रताप की जन्म एवं कर्मस्थली कुंभलगढ़ की ऐतिहासिक पारिवारिक फेलोशिप यात्रा हर्षाेल्लास के साथ सम्पन्न हुई। क्लब की अब तक की सबसे बड़ी इस दो दिवसीय यात्रा में 45 दंपतियों ने परिवार सहित सहभागिता की।
अरावली की सुरम्य पहाड़ियों के मध्य स्थित लाखेला रिसॉर्ट में आयोजित इस यात्रा के दौरान सदस्यों ने राजस्थान की लोक संस्कृति, इतिहास एवं धार्मिक विरासत का अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त किया। प्रथम दिवस राजस्थान के प्रसिद्ध भवई कलाकारों द्वारा गीत, संगीत एवं लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके पश्चात यात्रा दल ने कुंभलगढ़ किले का ऐतिहासिक अवलोकन किया तथा राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से महाराणा प्रताप एवं महाराजा कुंभा के शौर्यगाथा से रूबरू हुए।
यात्रा के दौरान क्लब सदस्यों ने विश्व की दूसरी सबसे लंबी किलेबंदी के रूप में प्रसिद्ध कुंभलगढ़ की विशाल प्राचीर का अवलोकन किया तथा सफारी वाहन से अरावली पर्वतमाला की प्राकृतिक छटा का आनंद लिया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष इंजीनियर लायन बाबूलाल गौड़ ने महाराजा कुंभा की वंशावली एवं महाराणा प्रताप के जीवन चरित्र पर सारगर्भित जानकारी साझा की।
नेत्रदान संयोजक लायन रिखब गोपावत एवं इंजीनियर लायन बाबूलाल गौड़ ने विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों को लायन्स क्लब नीमच द्वारा संचालित नेत्रदान एवं देहदान जनजागरूकता अभियान की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुण्य कार्य से जुड़ने का आह्वान किया।
यात्रा के दूसरे दिन यह फेलोशिप यात्रा धार्मिक स्वरूप में परिवर्तित हो गई। क्लब सदस्यों ने भगवान चारभुजानाथ, श्रीनाथजी, प्रसिद्ध जैन तीर्थ रणकपुर तथा मेवाड़ के अधिष्ठाता देव भगवान श्री एकलिंगनाथ के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
क्लब अध्यक्ष लायन सुनील शर्मा ने यात्रा के सफल आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान करने वाले क्लब सचिव लायन गुरमुखसिंह छाबड़ा, कोषाध्यक्ष लायन महेन्द्र त्रिवेदी, लायन विजय मंगल, लायन अनिल गोयल, लायन अमनदीप साहनी सहित सभी सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।