नीमच। जिले के रेवली-देवली गांव में सोमवार को खेत में प्याज की फसल की सिंचाई कर रहे एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बिजली के खंभे के सपोर्ट वायर (तान) में करंट प्रवाहित होने के कारण हुआ। घटना की जानकारी करीब दो घंटे बाद परिजनों को लगी, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, 62 वर्षीय झमकलाल पिता हीरालाल नागदा सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अपने खेत में प्याज की फसल को पानी दे रहे थे। इसी दौरान कुएं के समीप लगे बिजली के खंभे के तान में आए करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि करंट लगने के बाद उनका पैर तान से चिपक गया, जिससे वे स्वयं को बचा नहीं सके।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उन्हें देखने खेत पहुंचे, जहां झमकलाल तान के पास अचेत अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला करंट लगने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।