मंदसौर। जिले के ग्राम चपलाना में कृष्णदास बैरागी के घर के सामने निर्माणाधीन पानी की टंकी में करीब 5 फीट लंबा सांप गिर जाने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। सांप के आकार को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। आम रास्ते के समीप घटना होने से लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
सूचना मिलने पर कृष्णदास बैरागी ने सर्प रक्षक कमलदास बैरागी से संपर्क किया। सूचना मिलते ही कमलदास बैरागी मौके पर पहुंचे और सुरक्षित तरीके से सांप का रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया।
सर्प रक्षक कमलदास बैरागी ने बताया कि यह सांप विषहीन है और किसानों का मित्र माना जाता है। यह मनुष्यों को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि खेतों में हानिकारक जीवों को नियंत्रित करने में सहायक होता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि प्रशिक्षित सर्प रक्षकों अथवा संबंधित विभाग को सूचना देकर सुरक्षित रेस्क्यू करवाएं।