उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को एक अनोखी भेंट देखने को मिली। जबलपुर की श्रद्धालु रानी सिंह परिहार ने बाबा महाकाल को अपने बगीचे की पहली फसल के रूप में दुर्लभ और हाई-क्वालिटी के लगभग 5 किलोग्राम आम अर्पित किए।
रानी सिंह परिहार ने बताया कि जबलपुर स्थित उनके ष्श्री महाकालेश्वर हाइब्रिड फार्मष् में 51 प्रकार की आम की दुर्लभ और विदेशी किस्में उगाई जाती हैं। इनमें जापान की प्रसिद्ध मियाजाकी, ऑस्ट्रेलियन वैरायटी के साथ-साथ चोखा, मल्लिका और आम्रपाली जैसे देसी आम भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि उनके फार्म की परंपरा है कि हर वर्ष बगीचे की पहली फसल सबसे पहले बाबा महाकाल को अर्पित की जाती है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी उन्होंने महाकाल मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और आम अर्पित किए।
रानी सिंह परिहार के अनुसार, अर्पित की गई कुछ दुर्लभ किस्मों के आमों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक बताई जाती है। इस अनूठी भेंट ने मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं का भी ध्यान आकर्षित किया।