मनासा। क्षेत्र में अच्छी वर्षा, किसानों की समृद्धि एवं सुख-शांति की कामना को लेकर गुरुवार को मनासा में पारंपरिक उज्जैनी का धार्मिक उल्लास के साथ आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने गांव के विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों में विधि-विधान से हवन-पूजन कर इंद्रदेव से समय पर एवं भरपूर वर्षा की प्रार्थना की।
उज्जैनी कार्यक्रम की शुरुआत शीतला माता मंदिर, नागरसिंह माता मंदिर, लालबाई-फूलबाई जोगणिया माता मंदिर तथा चबूतरा वाले संकट मोचन हनुमान मंदिर में हवन-पूजन एवं धूप-दीप अर्पण के साथ हुई। इसके पश्चात नगर पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गांव के आराध्य देवी-देवताओं का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र में अच्छी बारिश, खुशहाली और किसानों की समृद्धि की मंगलकामना की।
पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार अधिकांश ग्रामीणों ने इस अवसर पर अपनी दुकानें बंद रखीं और गांव से बाहर जाकर देवी-देवताओं को भोग अर्पित कर उज्जैनी की परंपरा का निर्वहन किया। पूरे गांव में धार्मिक आस्था, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
ग्रामीणों ने एक स्वर में इंद्रदेव से प्रार्थना की कि क्षेत्र में भरपूर वर्षा हो, किसानों की फसलें लहलहाएं और गांव में सुख-समृद्धि का वास बना रहे। उज्जैनी के इस पारंपरिक आयोजन ने ग्रामीण संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना को एक बार फिर जीवंत कर दिया।