नीमच। भगवान श्रीजगन्नाथजी, श्रीबलदेव जी एवं माता सुभद्रा महारानी की पावन एवं भव्य रथयात्रा शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 को दोपहर 1:30 बजे माहेश्वरी भवन, नीमच से श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रारंभ होगी। रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रथयात्रा माहेश्वरी भवन से प्रारंभ होकर जैन भवन रोड, विजय टॉकीज चौराहा, दशहरा मैदान, जाजू बिल्डिंग, तिलक मार्ग, घंटाघर एवं नया बाजार सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इस दौरान भगवान श्रीजगन्नाथजी के जयघोष, हरिनाम संकीर्तन एवं भजन-कीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं से परिवार एवं मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में पधारकर भगवान श्रीजगन्नाथजी के दिव्य रथ के दर्शन करने तथा हरिनाम संकीर्तन में सहभागी बनकर धर्मलाभ अर्जित करने का विनम्र आग्रह किया है। भगवान श्रीजगन्नाथजी, श्रीबलदेव जी एवं माता सुभद्रा महारानी के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर होंगे।