नीमच। जीरन तहसील के ग्राम पिराना में शुक्रवार को खेत पर कार्य के दौरान करंट लगने से भगत गुर्जर की दर्दनाक मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल जीरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
घटना के बाद परिजनों एवं समाजजनों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने शव को मुख्य मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और विद्युत विभाग की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत लाइन की अनदेखी और विभागीय लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा दक्षिण मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर सहित ग्राम पिराना एवं आसपास के क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और ग्रामीण जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर उचित कार्रवाई एवं आश्वासन देने की मांग पर अड़े हुए थे।