नीमच। शहर की उदय विहार कॉलोनी में दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर रहवासियों में गहरा आक्रोश है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि नाली के समीप से गुजर रही पेयजल पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। इतना ही नहीं, कई घरों के नलों से कीड़े निकलने की शिकायत भी सामने आई है, जिससे लोगों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
रहवासियों के अनुसार, दूषित पानी के उपयोग से बच्चों सहित कई लोगों को उल्टी-दस्त और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर नगर पालिका, सीएम हेल्पलाइन एवं संबंधित अधिकारियों को फोटो और वीडियो साक्ष्यों के साथ कई बार शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेयजल पाइपलाइन नाली के बेहद नजदीक से गुजर रही है और पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण गंदा पानी पेयजल में मिल रहा है। इससे कॉलोनीवासियों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने, जल गुणवत्ता की जांच करवाने और शुद्ध पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) दुर्गा बामनिया ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित कर्मचारियों को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल उदय विहार कॉलोनी के रहवासी शीघ्र समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं। उनका कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी इस समस्या का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। नगर पालिका प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
नोटरू दूषित पानी, कीड़े निकलने एवं स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों के संबंध में रहवासियों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि शेष है। नगर पालिका द्वारा मामले की जांच की जा रही है।