नीमच। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), नई दिल्ली द्वारा कलाव्योम फाउंडेशन, फ्यूचर प्राइड विद्यालय एवं रंगाभास नाट्यशाला के सहयोग से आयोजित 30 दिवसीय बाल रंगमंच कार्यशाला का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। एक माह तक रंगमंच की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चों ने अभिनय, संवाद, संगीत एवं मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि रंगमंच बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और संवेदनशीलता का विकास करने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुखलाल पंवार ने कला एवं संस्कृति को व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा एवं डॉ. स्वप्निल वधवा ने ऐसी कार्यशालाओं को बच्चों की रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कलाव्योम फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक श्रीमाल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य छोटे शहरों के बच्चों और युवाओं को राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को नई पहचान दिलाना है। कार्यशाला निदेशक सुशील मिश्रा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को अभिनय, संवाद-अभिव्यक्ति, मंच अनुशासन, शारीरिक अभिव्यक्ति तथा समूह समन्वय का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समापन समारोह में बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, कला प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के उत्साहवर्धन के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।