मंदसौर। जिले के भैंसा पहाड़ क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान खुदाबख्श पुत्र सरवर शेख के रूप में हुई है। घटना के समय परिवार घर में आयोजित फातिहा कार्यक्रम में व्यस्त था। करीब दो घंटे तक तलाश के बाद मासूम का शव घर के समीप बने पानी के टैंक में मिला।
जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ माह पूर्व सरवर शेख की बहन का निधन हो गया था। रविवार को उनकी सवा माह की फातिहा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें परिजन और रिश्तेदार शामिल हुए थे। इसी दौरान चार वर्षीय खुदाबख्श खेलते-खेलते घर से बाहर निकल गया। कार्यक्रम की व्यस्तता के कारण किसी का ध्यान उस पर नहीं गया।
कुछ समय बाद जब खुदाबख्श दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब दो घंटे तक खोजबीन करने के बाद उसका शव घर के पास बने छोटे पानी के टैंक में मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
मृतक के पिता सरवर शेख ने बताया कि पूरा परिवार फातिहा कार्यक्रम में व्यस्त था। काफी तलाश के बाद पुत्र पानी के टैंक में मिला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। शव को जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।