चित्तौड़गढ़। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर श्री राष्ट्रीय करणी सेना मेवाड़ द्वारा वीर शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्थान प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं महाराणा प्रताप सेवा समिति के संस्थापक विपराज सिंह राणावत (विपुल) के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक पहुंचकर कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों को पुष्पमालाएं अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इसके पश्चात सभी कार्यकर्ता महाराणा प्रताप सर्कल पहुंचे, जहां कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में वीर सैनिकों के अदम्य साहस, पराक्रम एवं सर्वाेच्च बलिदान को नमन करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देशभक्ति के जयघोष के बीच उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर विपराज सिंह राणावत (विपुल) ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। उनका शौर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि हमें उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में शक्ति सिंह, गौतम सिंह, विशाल, अजय, अमित सहित बड़ी संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता एवं समाजजन उपस्थित रहे। वीर शहीदों के सम्मान में आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और कृतज्ञता की भावना से ओतप्रोत रहा।