नयागांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जावद रोड स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर, नयागांव-केशरपुरा (विक्रम सीमेंट के समीप) में बुधवार, 29 जुलाई 2026 को गुरु पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर नयागांव-केशरपुरा सहित आसपास के 12 गांवों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में गुरु पूजन में शामिल होंगे।
ब्रह्मलीन श्री श्री 1008 महंत भागीरथ गिरि जी महाराज की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उनके शिष्य श्री श्री 1008 महंत लक्ष्मण गिरि जी महाराज के अनुज शिष्य महंत हरी ओम गिरि महाराज के सान्निध्य में यह धार्मिक आयोजन संपन्न होगा। आयोजन में दिल्ली, हरियाणा, छत्तीसगढ़, राजस्थान और गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों से भी शिष्य एवं श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आयोजकों ने बताया कि वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक एवं समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। दोपहर से ही भंडारे (महाप्रसादी) का वितरण प्रारंभ हो जाएगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहेगा, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
गुरु पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर श्रद्धालु अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण भाव प्रकट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।