चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक बैंक अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बैंक की व्यावसायिक वृद्धि के साथ प्रधान कार्यालय निर्माण, स्टाफ की कार्यकुशलता एवं ऋण वसूली सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
बैंक के महाप्रबंधक (प्रशासन) जे.पी. जोशी ने बताया कि प्रबंध निदेशक वंदना वजीरानी के सानिध्य में आयोजित बैठक में बैंक के व्यवसाय की समीक्षा की गई। इसमें जमा एवं अग्रिम की तुलनात्मक स्थिति, ऋण-जमा अनुपात, आरक्षित नगदी एवं सांविधिक चलनिधि अनुपात के अनुपालन की स्थिति, स्वीकृत ऋण प्रस्तावों की पुष्टि तथा अतिदेय एवं एनपीए खातों में वसूली की शाखावार समीक्षा की गई।
बैठक में निवेश, बैंक, फेडरेशन एवं सहकारिता विभाग से प्राप्त परिपत्रों तथा प्रेषित विवरणियों की पुष्टि सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई।
बैंक अध्यक्ष डॉ. सेठिया ने गांधी नगर में प्रस्तावित प्रधान कार्यालय निर्माण की जानकारी दी। साथ ही मुंबई में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के सानिध्य में आयोजित अर्बन बैंक अध्यक्षों के राष्ट्रीय सम्मेलन तथा रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा से हुई भेंट के दौरान बैंकिंग एवं सहकारिता क्षेत्र से जुड़े विषयों पर हुई चर्चाओं का विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में चंदेरिया एवं बेगूं शाखाओं के स्थापना दिवस, ग्राहक सेवा एवं शिकायत निवारण, भारतीय रिजर्व बैंक के सक्षम कार्यक्रम के तहत जोधपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में निदेशकों की सहभागिता, स्टाफ नियुक्ति तथा नकदी विभाग के ऑनलाइन प्रशिक्षण सहित विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।
वृद्धि चंद कोठारी कार्यवाहक उपाध्यक्ष मनोनीत-
बैठक में सर्वसम्मति से निदेशक वृद्धि चंद कोठारी को बैंक के कार्यवाहक उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया। प्रबंधन मंडल सदस्य आदित्य सेठिया ने प्रबंधन मंडल की बैठक में लिए गए निर्णयों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक का संचालन प्रबंध निदेशक वंदना वजीरानी ने किया। अंत में उपाध्यक्ष वृद्धि चंद कोठारी ने आभार व्यक्त किया।
बैठक में निदेशक दिनेश सिसोदिया, वृद्धि चंद कोठारी, कल्याणी दीक्षित, बाबर मल मीणा, बालकिशन धूत, रणजीत सिंह नाहर, राजेश काबरा, हेमंत शर्मा एवं नीतेश सेठिया सहित अन्य उपस्थित रहे।